Home / Uncategorized / भाई बना भाई का कातिल: मामूली विवाद में कैंची से ताबड़तोड़ वार, किशोर की मौत से गांव में मातम

भाई बना भाई का कातिल: मामूली विवाद में कैंची से ताबड़तोड़ वार, किशोर की मौत से गांव में मातम

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज, जनपद के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चौमुखा नौका टोला में सोमवार सुबह एक मामूली घरेलू विवाद ने दिल दहला देने वाली वारदात का रूप ले लिया। बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरज शर्मा (16) पुत्र उपेंद्र शर्मा का किसी बात को लेकर अपने छोटे भाई लक्ष्मण शर्मा (15) से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर सूरज ने लक्ष्मण पर कैंची से सिर और हाथ पर कई वार कर दिए। हमले में लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही घुघली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लक्ष्मण को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल महाराजगंज रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना पुलिस के अनुसार, अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *