Home / Uncategorized / हाथी नाला क्षेत्र में दमकल वाहन की स्थायी तैनाती की मांग, जिलाधिकारी को सौंपा गया प्रार्थना पत्र

हाथी नाला क्षेत्र में दमकल वाहन की स्थायी तैनाती की मांग, जिलाधिकारी को सौंपा गया प्रार्थना पत्र

पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी

सोनभद्र: हाथीनाला थाना क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क एवं अग्नि दुर्घटनाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। इसी क्रम में महिला प्रकोष्ठ, अपना दल (एस) की जिला अध्यक्षा प्रीति सिंह ने जिलाधिकारी, रॉबर्ट्सगंज को प्रार्थना पत्र सौंपकर हाथी नाला थाना के पास अग्निशमन दल (दमकल विभाग) की गाड़ी स्थायी रूप से तैनात किए जाने की मांग उठाई है।

प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया है कि हाथी नाला से रेणुकूट को जोड़ने वाली सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। हाल ही में एक ट्रक में आग लगने की घटना में चालक की जलकर मृत्यु हो जाने से क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल व्याप्त है। समय पर राहत न मिलने के कारण ऐसी घटनाएं और भी विकराल रूप ले लेती हैं।

प्रीति सिंह ने यह भी बताया कि उक्त क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की कमी के कारण दुर्घटना की सूचना संबंधित विभाग तक समय पर नहीं पहुंच पाती है। परिणामस्वरूप, दमकल की गाड़ियां चोपन या रेणुकूट से रवाना होती हैं, जिन्हें घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है। इस देरी के कारण आग तेजी से फैल जाती है और जान-माल की हानि को रोकना मुश्किल हो जाता है।

उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए हाथी नाला थाना के पास अग्निशमन विभाग की एक गाड़ी स्थायी रूप से तैनात की जाए, ताकि आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके और संभावित नुकसान को कम किया जा सके।

अंत में उन्होंने प्रशासन से इस मांग पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है। क्षेत्रवासियों को भी उम्मीद है कि प्रशासन इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगा, जिससे उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *