पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली,।जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों एवं निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की स्थिति का विस्तार से आकलन किया गया।
समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, सड़क निर्माण, पेंशन योजनाएं, फैमिली आईडी, ऑपरेशन कायाकल्प, उज्ज्वला योजना सहित अन्य प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पेंशन से जुड़े सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और फैमिली आईडी में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाई जाए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। जिन परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें शीघ्र हैंडओवर करने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके। साथ ही, सीएम डैशबोर्ड पर सभी परियोजनाओं की प्रगति नियमित रूप से अपडेट करने और धीमी योजनाओं में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिया कि सभी जिला स्तरीय अधिकारी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर जनता की शिकायतें सुनें और उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कोई भी मामला डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए। शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर उसे रजिस्टर में दर्ज करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि अगली बैठक में सभी अधिकारी अपने-अपने आईजीआरएस रजिस्टर के साथ उपस्थित रहें, और वे स्वयं शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर स्थिति की पुष्टि करेंगे। मुख्य विकास अधिकारी को प्रतिदिन पांच विभागों की औचक जांच कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि अधिकारी समय पर उपस्थित होकर जन शिकायतें सुन रहे हैं या नहीं।
बैठक के दौरान खराब प्रदर्शन पर एक्सईएन विद्युत सदर को कड़ी फटकार लगाते हुए उनका वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर एक्सईएन विद्युत सकलडीहा और पीडीडीयू नगर के खिलाफ भी वेतन रोकने और नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उप कृषि निदेशक सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।










