Home / Uncategorized / जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली।जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मंगलवार को बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से सम्बद्ध पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न सेवाओं का जायजा लेते हुए ओपीडी, इमरजेंसी, नेत्र कक्ष सहित अन्य विभागों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपचार की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति, समयबद्ध उपचार व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी सेवाएं प्रभावी व सुचारु रूप से संचालित की जाएं।

जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने डॉक्टरों की नियमित उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल कैंटीन में तैयार होने वाले भोजन की गुणवत्ता तथा पैकेज्ड खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट की नियमित जांच करने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल की सेवाओं में निरंतर सुधार के लिए सभी चिकित्सक एवं कर्मचारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *