पूर्वाचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
सेवापुरी।जंसा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा हाथी बरनी इंटर कॉलेज के पास उस समय हुआ, जब युवक की बाइक सड़क पार कर रही नीलगाय से टकरा गई।
मृतक की पहचान हाथी डीह गांव निवासी छोटू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार छोटू किसी जरूरी काम से खरगूपुर गांव गए थे और देर रात घर लौट रहे थे। जैसे ही वह हाथी बरनी इंटर कॉलेज के समीप पहुंचे, अचानक सामने आई नीलगाय उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा भिड़ी। हादसे में छोटू के सिर में गंभीर चोट आई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हाथी बाजार ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।










