गंजारी स्टेडियम से लेकर महिला सम्मेलन तक तैयारियों की समीक्षा, सीएम योगी ने दिए कई अहम निर्देश
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी।
योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। सर्किट हाउस में उन्होंने नरेंद्र मोदी के संभावित वाराणसी दौरे को लेकर प्रशासनिक और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने संभावित कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दौरान रूट डायवर्जन की प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सीएम योगी ने महिला सम्मेलन की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के आवागमन की समुचित व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर भी बल दिया और निर्देश दिया कि स्ट्रीट डॉग व छुट्टा पशुओं को आश्रय स्थलों में रखा जाए। साथ ही स्ट्रीट वेंडरों का भी व्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम के दौरान लोकार्पित और शिलान्यास होने वाली विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने पीपीटी के माध्यम से दी। मुख्यमंत्री ने रोप-वे परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने इसे युद्धस्तर पर पूरा कराने को कहा। मंडलायुक्त ने बताया कि स्टेडियम का निर्माण कार्य जुलाई के प्रथम सप्ताह तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मणिकर्णिका घाट और दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, राय धर्मेंद्र सिंह, अश्वनी त्यागी, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन पियूष मोर्डिया, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।










