सोनभद्र रेणुकूट। भारत की जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत पिपरी नगर क्षेत्र में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम नगर पंचायत कल्याण मंडप भवन एवं राजकीय इंटर कॉलेज पिपरी में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण प्रभारी अधिकारी बी.एन. कुशवाहा की देखरेख में हुआ, जहां प्रशिक्षकों—आनंद चौबे, अमरेश चंद्र, अखिलेश चंद्र, राज, मनीष सिंह और ऋतेश्वर सिंह—ने जनगणना की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि पहला चरण बेहद महत्वपूर्ण होता है, जिसमें घर-घर जाकर सटीक आंकड़े जुटाए जाते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान फॉर्म भरने की प्रक्रिया, परिवार के सदस्यों का विवरण दर्ज करना, डिजिटल माध्यमों का उपयोग और आंकड़ों की गोपनीयता बनाए रखने जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही आमजन से संवाद स्थापित कर सही जानकारी प्राप्त करने के तरीके भी बताए गए।
प्रभारी अधिकारी ने जनगणना को राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताते हुए सभी से जिम्मेदारी और ईमानदारी से कार्य करने की अपील की। कार्यक्रम में राजस्व निरीक्षक सुरेश पांडेय और लेखपाल रंजय कुमार भी उपस्थित रहे। अंत में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पिपरी में जनगणना 2027 के लिए प्रगणकों व पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण संपन्न










