Home / Uncategorized / चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र स्थित सरया ग्राम पंचायत में किसानों के तीन दिवसीय अनिश्चितकालीन धरने के बाद बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ा दी

चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र स्थित सरया ग्राम पंचायत में किसानों के तीन दिवसीय अनिश्चितकालीन धरने के बाद बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ा दी

चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र स्थित सरया ग्राम पंचायत में किसानों के तीन दिवसीय अनिश्चितकालीन धरने के बाद बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ा दी है। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के तत्वावधान में किसान रविवार से धरने पर बैठे थे, जिसमें बिजली की समस्या और जले ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग की गई थी।

किसान नेता पिंटू पाल ने बताया कि गांव का ट्रांसफार्मर लगभग 16 दिनों से जला हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि कम क्षमता के कारण यह ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो जाता था, जिससे किसानों को सिंचाई में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। किसानों ने चेतावनी दी थी कि यदि उनकी समस्याओं पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो वे बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करेंगे।

इस संबंध में एसडीओ सुधीर कुमार ने बताया कि गर्मी के कारण कुछ परेशानियां हुई थीं। उन्होंने पुष्टि की कि सरया गांव में ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत मिली थी। एसडीओ ने बताया कि एक महीने पहले ही ग्राम प्रधान बीरेंद्र प्रताप यादव ने बिजली विभाग को पत्र लिखकर ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की थी, जिसके बारे में शासन को अवगत कराया जा चुका था। उन्होंने कहा कि शासन से आदेश मिलते ही क्षमता वृद्धि का कार्य पूरा कर लिया गया।

धरना प्रदर्शन में दीनानाथ श्रीवास्तव, शेषनाथ यादव, विजयकांत पासवान, गुड्डू शर्मा, अरुण तिवारी, राजेश यादव, सरवन यादव, भानु यादव, बाबूलाल यादव, नव युवक मंगल दल युवा अध्यक्ष कपिल देव यादव, अंजनी तिवारी, रामावध यादव, अखिलेश यादव, मृत्युंजय यादव और मोहन यादव सहित कई किसान उपस्थित थे। धरने का संचालन गुड्डू पासवान ने किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *