Home / Uncategorized / विश्व पृथ्वी दिवस पर चंदुआर ग्राम पंचायत में हिण्डाल्को रेनुसागर द्वारा पौधरोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विश्व पृथ्वी दिवस पर चंदुआर ग्राम पंचायत में हिण्डाल्को रेनुसागर द्वारा पौधरोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अनपरा, सोनभद्र: हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेनुपावर डिवीजन रेनुसागर के यूनिट हेड आर. पी. सिंह के दिशा-निर्देशन में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए चंदुआर ग्राम पंचायत में भव्य पौधरोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर हिण्डाल्को रेनुसागर के पर्यावरण विभाग के प्रभारी कमलेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। साथ ही स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण के महत्व तथा प्राकृतिक संसाधनों के संतुलन को बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि ललित खुराना ने अपने संबोधन में कहा कि प्रकृति संरक्षण ही मानव जीवन का आधार है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पृथ्वी को सुरक्षित और हरित बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में छोटे-छोटे प्रयास भी बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
ग्राम पंचायत भवन चंदुआर में आयोजित संगोष्ठी में ग्राम प्रधान योगेंद्र भारतीय सहित अन्य ग्रामीण, महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत कमलेश मौर्य के उद्बोधन से हुई, जबकि अजय मिश्रा ने सभी को धरती संरक्षण की शपथ दिलाई। इसके पश्चात चंद्रकांत शुक्ल एवं हेमचंद्र पाठक ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित प्रेरणादायक कविताएं प्रस्तुत कीं।
हिण्डाल्को रेनुसागर द्वारा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का भी महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर कुंज बिहारी दुबे, ग्रामीण विकास विभाग के प्रभारी संजीव श्रीवास्तव, अजय मिश्रा, अर्जुन कुमार, आर.एन. यादव, शिवम पाठक, बलवंत कुमार, श्रुति कुमारी, क्षेत्र पंचायत सदस्या हजारा बेगम सहित कंपनी के अधिकारीगण, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *