Home / Uncategorized / नेपाल में श्रद्धालुओं की बस हादसा: 3 की मौत, घायलों से मिलने बीआरडी पहुंचे विधायक जय मंगल कन्नौजिया

नेपाल में श्रद्धालुओं की बस हादसा: 3 की मौत, घायलों से मिलने बीआरडी पहुंचे विधायक जय मंगल कन्नौजिया

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा

महराजगंज, 24 अप्रैल नेपाल की धार्मिक यात्रा पर गए सेमरा ग्राम सभा (सदर विधानसभा क्षेत्र) के श्रद्धालुओं की बस बीते दिनों नेपाल में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को उपचार के लिए गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
इसी क्रम में सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया लखनऊ से लौटते समय सीधे बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और वहां भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
विधायक ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने कहा कि वे इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़े हैं और हर संभव मदद सुनिश्चित की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज में निरीक्षण के दौरान विधायक ने डॉक्टरों से वार्ता कर घायलों के इलाज की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और मरीजों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि दुर्घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य कर घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाना सराहनीय कार्य है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इलाज में किसी प्रकार की कमी न रहे और सभी आवश्यक दवाएं एवं सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
इस दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद परिजनों ने भी विधायक से मुलाकात कर अपनी समस्याएं साझा कीं। विधायक ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन पूरी मजबूती के साथ पीड़ितों के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *