पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
सोनभद्र पिपरी थाना क्षेत्र के नौकोठिया मोड़ के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान प्रमोद चौरसिया (लगभग 40 वर्ष) पुत्र केश्वर चौरसिया, निवासी परती गांव, थाना केतार, जनपद गढ़वा (झारखंड) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के गोरबी क्षेत्र में कार्यरत थे।
बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर बाद प्रमोद चौरसिया बाइक से झारखंड के बिशनपुरा में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। इसी दौरान पिपरी पहुंचने से पहले नौकोठिया मोड़ के पास तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रमोद चौरसिया की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए।
सूचना पर पहुंचे समाजसेवी विजय प्रताप सिंह ने पुलिस के सहयोग से शव को हिंडालको अस्पताल स्थित मोर्चरी भिजवाया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पाकर मृतक के बहनोई रामदास चौरसिया, निवासी दुद्धी, भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपी वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।










