पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी
दुद्धी सोनभद्र। परख संस्था द्वारा संचालित वृद्धा आश्रम दुद्धी में शनिवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन आश्रम की संचालिका सविता सिंह के नेतृत्व एवं देखरेख में संपन्न हुआ। इस दौरान वृद्धाश्रम में निवास कर रहे बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में विभा हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान वृद्धजनों के ब्लड सैंपल लिए गए तथा शुगर एवं ब्लड प्रेशर (बीपी) की जांच की गई। जरूरतमंद वृद्धों को मल्टीविटामिन इंजेक्शन लगाए गए और कुछ बुजुर्गों को स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार ग्लूकोज की बॉटल भी चढ़ाई गई।
कार्यक्रम में नर्स अंजली, स्टाफ सदस्य वीर सिंह, सरिता देवी सहित अन्य सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई और स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान वृद्धजनों की देखभाल में सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर संचालिका सविता सिंह ने कहा कि वृद्धजनों की सेवा संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर बुजुर्गों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। शिविर के सफल आयोजन से आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों में खुशी एवं उत्साह का माहौल देखा गया।










