राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दूबे के दोबारा बलिया का कार्यभार संभालने के बाद से ही कार्यालय में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और वरिष्ठ नागरिकों ने कार्यालय पहुंचकर उनका स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर कोषागार परिसर स्थित ऐतिहासिक न्यायेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। संघ के सदस्यों और आगंतुकों ने भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर प्रसाद ग्रहण किया तथा वरिष्ठ कोषाधिकारी को पुष्पगुच्छ, फूल-मालाएं भेंट कीं। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में रसोईया संघ के सदस्यों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। उन्होंने मंदिर में पहुंचकर आनंद दुबे की कुशलता और उत्तम स्वास्थ्य के लिए मंगलकामना की। उनकी पुन: तैनाती को लेकर संघ के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इसी क्रम में हनुमानगंज ब्लॉक के छोड़हर और गजियापुर क्षेत्र में आगामी 28 अक्टूबर से आयोजित होने वाले ‘बलिया सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महोत्सव-2026’ में सम्मिलित होने के लिए उन्हें आधिकारिक निमंत्रण पत्र सौंपा गया। आयोजकों ने महोत्सव में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने का विशेष आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान संजय मिश्र, अभिषेक मिश्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान क्षेत्र की धार्मिक आस्था, संस्कृति और आगामी आध्यात्मिक आयोजनों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई, जिसके माध्यम से स्थानीय सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।
वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे के पुन: कार्यभार संभालने पर हुआ भव्य स्वागत एवं मिला निमंत्रण










