चंदौली जिले के धानापुर ग्राम सभा स्थित विजयदशमी पोखरा परिसर में नवनिर्मित शिवालय का अवलोकन करने श्री श्री 1008 त्रिदंडी स्वामी जी के शिष्य लक्ष्मी प्रपन्न जीयर स्वामी महाराज पहुंचे। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह द्वारा बनवाए जा रहे शिव मंदिर के कार्य का जायजा लिया।
स्वामी जी ने मंदिर निर्माण की प्रगति को देखा और ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर कई भक्तगण भी उपस्थित थे, जिन्होंने महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह धानापुर के इस ऐतिहासिक पोखरा का कायाकल्प करा रहे हैं। इसमें शादी मंडप से लेकर रावण वध के लिए बेहतरीन सुंदरीकरण का कार्य शामिल है। पोखरा के पश्चिमी छोर पर बलुआ पत्थर से एक विशाल शिव मंदिर का निर्माण किया जा रहा है, जो आकर्षण का केंद्र बन रहा है।
आपको बता दें कि महाराज जी का प्रवचन क्षेत्र के रायपुर गांव स्थित बाबा वीर डम्हारी कुटी के पास चल रहा है। यहां हर शाम हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है।
ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने बताया कि जीयर स्वामी महाराज जी के आशीर्वाद और जनता के सहयोग से धानापुर ब्लॉक में विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने अपनी सोच साझा करते हुए कहा कि हर न्याय पंचायत में एक बेहतरीन खेल का मैदान बने, ताकि क्षेत्र के बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
अजय सिंह ने यह भी बताया कि तालाबों का निर्माण जल संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार और पर्यावरण संतुलन के लिए अत्यंत लाभकारी है। यह कृषि के लिए मुफ्त सिंचाई का साधन है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं की प्यास बुझाने, जलीय जीवों को आश्रय देने और बाढ़ नियंत्रण में भी सहायक है।
इस मौके पर मुख्य रूप से प्रधान संघ के अध्यक्ष राजेश सिंह, व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष मुकुंद लाल रस्तोगी, विमल सिंह दादा, पूर्व प्रधान सोनू यादव, धानापुर प्रधान रामजी कुशवाहा, बांके सिंह, आशुतोष सिंह मिंटू सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
चंदौली – धानापुर ग्राम सभा स्थित विजयदशमी पोखरा परिसर में नवनिर्मित शिवालय का अवलोकन










