चंदौली जिले के धानापुर-सकलडीहा मुख्य मार्ग पर गुरेहूं गांव के पास एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। यह घटना देर रात हुई, जब युवक दोस्त को रेलवे स्टेशन छोड़कर घर लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के बभनियाव गांव निवासी 28 वर्षीय गोविंद कुमार अपने एक दोस्त को डीडीयू नगर रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। देर रात बाइक से वापस घर लौटते समय गुरेहूं गांव के समीप उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ताल में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से गोविंद कुमार को ताल से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि 18 मई को ही गोविंद कुमार की बहन की शादी संपन्न हुई थी। परिवार में अभी शादी की खुशियां चल रही थीं कि इस हादसे ने पूरे घर को गम में डुबो दिया। गोविंद शादी में आए दोस्त को स्टेशन छोड़ने गए थे।
मृतक गोविंद के परिवार में दो भाई और तीन बहनें हैं। जवान बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, गोविंद कुमार बेहद मिलनसार और व्यवहार कुशल युवक थे, जिससे गांव में हर कोई उन्हें पसंद करता था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
चंदौली – धानापुर -सकलडीहा मुख्य मार्ग पर गुरेहूं गांव के पास एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत









