पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज (घुघली) पल्टू मिश्रा
अवैध स्थल पर संचालित टैक्सी स्टैंड पर कचरे का अंबार, नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
महराजगंज,घुघली नगर क्षेत्र का टैक्सी स्टैंड इन दिनों बदहाल व्यवस्था, गंदगी और अव्यवस्थित संचालन को लेकर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। जिस स्थान पर यात्रियों को बैठाकर वाहन का इंतजार कराया जाता है, वहीं नाले का गंदा पानी बह रहा है और उसी के बीच कूड़े-कचरे का ढेर लगा हुआ है। यात्रियों को बदबू और गंदगी के बीच घंटों बैठने को मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत की ओर से टैक्सी स्टैंड की नियमित साफ-सफाई नहीं कराई जा रही है । सही बात देखने की मिली कि जहाँ स्टैंड का टेंडर हुआ वहां से हट कर घुघली के मुख्य मार्ग पर हो रही वसूली जहाँ यात्रियों के लिए मुलभुति सुविधा (शौचालय, ठहराव स्थल, महिलाओ के लिए )से और भी भयावह हो जाती है। चारों तरफ कीचड़, प्लास्टिक, सड़े कचरे और जलभराव से वातावरण प्रदूषित हो रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है।
लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से संचालित यह टैक्सी स्टैंड सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा बन चुका है। सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन आए दिन जाम की स्थिति पैदा करते हैं। कई बार अचानक वाहन रोकने और सवारियां बैठाने के दौरान दुर्घटना होते-होते बची हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
व्यापारियों और राहगीरों ने बताया कि टैक्सी स्टैंड के आसपास फैली गंदगी से पूरे इलाके की छवि खराब हो रही है। बदबू के कारण आसपास के दुकानदारों और यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि टैक्सी स्टैंड की नियमित साफ-सफाई कराई जाए, जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाई जाए तथा मुख्य मार्ग से हटाकर टैक्सी स्टैंड को सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान पर संचालित कराया जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।










