पूर्वाचल राज्य संवाददाता – दीपू तिवारी
सोनभद्र/शक्तिनगर। ओवरलोड एवं मानक विहीन भारी वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शक्तिनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच भारी वाहनों को सीज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से ओवरलोड वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया है। अभियान के दौरान राखड़, गिट्टी एवं बालू लदे ट्रेलर और डम्परों की गहन जांच की गई तथा परिवहन नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा ओवरलोडिंग पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी श्री हर्ष पाण्डेय द्वारा की जा रही है।
इसी क्रम में थाना शक्तिनगर प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय ने उप-सम्भागीय परिवहन अधिकारी, जनपद सोनभद्र के सहयोग से संयुक्त वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान क्षेत्र से गुजर रहे भारी वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, लोडिंग क्षमता एवं सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई।
जांच के दौरान कुल पांच ट्रेलर एवं डम्पर वाहन ऐसे पाए गए, जिन पर राखड़, गिट्टी और बालू आदि सामग्री निर्धारित क्षमता से अधिक मात्रा में लदी हुई थी। साथ ही कई वाहन परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। ओवरलोडिंग एवं अन्य नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने सभी वाहनों को सीज कर थाना शक्तिनगर परिसर में खड़ा करा दिया।
पुलिस द्वारा संबंधित विभागों को आवश्यक विधिक कार्रवाई हेतु रिपोर्ट भी भेजी गई है, ताकि वाहन स्वामियों एवं चालकों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोड वाहन न केवल सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बनते हैं, बल्कि सड़कों को भी भारी नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है।
इस अभियान में उप-सम्भागीय परिवहन अधिकारी, जनपद सोनभद्र, प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय एवं थाना शक्तिनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में ओवरलोडिंग, अवैध परिवहन एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मानकों एवं यातायात नियमों का पालन करें, जिससे सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके तथा दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।










