पूर्वाचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
सोनभद्र। जनपद में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पिपरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 3.345 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के कुशल निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में संपन्न हुई।
रेलवे स्टेशन के पास महिला गिरफ्तार
पहली कार्रवाई शनिवार 24 मई 2026 को की गई। उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण एवं चेकिंग अभियान में लगे हुए थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक महिला रेनुकूट रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर से रेलवे कॉलोनी की ओर अवैध गांजा लेकर जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और रेलवे बिजली पावर हाउस के पास संदिग्ध महिला को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.420 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम विमला देवी पत्नी स्वर्गीय रामलाल निवासी चाचा कॉलोनी वार्ड नंबर-03 रेनुकूट थाना पिपरी जनपद सोनभद्र बताया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार करते हुए थाना पिपरी में मुकदमा अपराध संख्या 99/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया।
भागने का प्रयास कर रहा आरोपी दबोचा गया
दूसरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह अपनी टीम के साथ रेलवे ग्राउंड के पीछे चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1.925 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुनील कुमार उर्फ पहाड़ी पुत्र स्वर्गीय शंकर निवासी वार्ड नंबर-08 तुर्रा थाना पिपरी जनपद सोनभद्र बताया।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना पिपरी में मुकदमा अपराध संख्या 100/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कुल 3.345 किलो गांजा बरामद
दोनों अलग-अलग कार्रवाइयों में थाना पिपरी पुलिस ने कुल 3.345 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशे के कारोबार और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कार्यों में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
पहली कार्रवाई में उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज, हेड कांस्टेबल मुन्ना सिंह यादव, कांस्टेबल सुभाष कुमार एवं महिला कांस्टेबल गरिमा शामिल रहीं।
वहीं दूसरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह एवं हेड कांस्टेबल अनिल कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










