Home / Uncategorized / कानपुर में दबंगों का खूनी तांडव: बाइक टक्कर के बाद पिता-पुत्र की हत्या, दूसरा बेटा गंभीर

कानपुर में दबंगों का खूनी तांडव: बाइक टक्कर के बाद पिता-पुत्र की हत्या, दूसरा बेटा गंभीर

नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक मामूली बाइक टक्कर दोहरे हत्याकांड में तब्दील हो गई। काम से घर लौट रहे पिता और उनके दो बेटों पर दबंगों ने चाकू और हेलमेट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पिता शिवनारायण त्रिवेदी और उनके बेटे शिवम की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा सत्यम गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। सरेशाम हुई इस दोहरी हत्या से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।

कैसे हुई वारदात
किदवई नगर निवासी शिवनारायण त्रिवेदी अपने बेटों शिवम और सत्यम के साथ मार्बल मार्केट स्थित कनक मार्बल में काम करते थे। रविवार शाम तीनों काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नौबस्ता क्षेत्र में यशोदा नगर बाईपास के पास दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

चाकू और हेलमेट से किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दूसरी बाइक पर सवार तीन युवकों ने अचानक चाकू निकालकर शिवनारायण और उनके दोनों बेटों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हेलमेट से भी जमकर वार किए गए। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुन आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन दबंगों ने उन्हें भी अभद्रता से धमकाया।

अस्पताल में तोड़ा दम
राहगीरों की सूचना पर नौबस्ता पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल हैलट अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवनारायण और शिवम को मृत घोषित कर दिया। सत्यम की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

आरोपी  गिरफ्तार, CCTV खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला। पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की। बड़ी खबर ये है कि पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर तीनों हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के सिर्फ दो घंटे बाद ही दो आरोपियों को दबोच लिया गया था, जबकि तीसरे आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया।

बताया जा रहा है कि फरार आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इस दौरान मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।

परिवार में पसरा मातम
इस दोहरे हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और परिसर में करुण क्रंदन का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों में दबंगों के इस खूनी तांडव को लेकर जबरदस्त आक्रोश है 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *