लखनऊ। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर दिल्ली से लखनऊ आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1717 को मंगलवार को लैंडिंग से ठीक पहले Go Around करना पड़ा। पहली कोशिश में लैंडिंग नहीं हो सकी, जिसके बाद पायलट ने विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले जाकर नए सिरे से लैंडिंग का प्रयास किया। दूसरी कोशिश में विमान सुरक्षित लखनऊ एयरपोर्ट पर उतर गया।
तेज हवा के दबाव के बीच लिया गया फैसला
रिपोर्टों के मुताबिक विमान लैंडिंग के अंतिम चरण में था, तभी तेज हवा के दबाव के कारण अप्रोच अस्थिर महसूस होने पर पायलट ने लैंडिंग रोकने का फैसला किया। विमान ने करीब 3:45 बजे Go Around किया और परिस्थितियों का दोबारा आकलन किया। लगभग 10 मिनट बाद 3:55 बजे विमान ने दूसरी कोशिश में सुरक्षित लैंडिंग की।
सभी यात्री सुरक्षित
लैंडिंग के बाद राहुल गांधी समेत सभी यात्री सामान्य रूप से विमान से बाहर निकले। घटना में किसी अप्रिय स्थिति या यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। एयर इंडिया की ओर से घटना पर तत्काल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।
क्या होता है Go Around
Go Around विमानन क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया है। जब पायलट को लगता है कि मौजूदा परिस्थितियों में विमान को सुरक्षित तरीके से रनवे पर उतारना संभव नहीं है, तो वह लैंडिंग रोककर विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले जाता है और परिस्थितियां अनुकूल होने पर नए एप्रोच के जरिए लैंडिंग करता है।
राहुल गांधी का लखनऊ दौरा
रिपोर्टों के अनुसार AI-1717 ने दिल्ली से लखनऊ के लिए उड़ान भरी थी। लखनऊ पहुंचने के बाद राहुल गांधी का कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद वह अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना हुए।










