पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र। रेणुकूट रेलवे स्टेशन के यार्ड में बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति के रन ओवर होने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना लाइन नंबर 4 और 5 के बीच खंभा संख्या 30/21-22 के पास बताई गई है। सूचना मिलते ही जीआरपी चौकी रेणुकूट की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, रेणुकूट रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर की ओर से मेमो के माध्यम से जीआरपी को यार्ड में एक अज्ञात व्यक्ति के रन ओवर होने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जीआरपी चौकी प्रभारी रेणुकूट हमराह पुलिसकर्मियों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही घटना से जुड़े आवश्यक तथ्यों की जानकारी जुटाई। वहीं, अज्ञात व्यक्ति की पहचान कराने के प्रयास भी शुरू कर दिए गए हैं। पुलिस द्वारा घटनास्थल से संबंधित साक्ष्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जीआरपी के अनुसार, घटना के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है। फिलहाल अज्ञात व्यक्ति की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है।










