चंदौली जिले के धानापुर में एक वरिष्ठ पत्रकार पर लगाए गए आरोप पुलिस जांच में गलत पाए गए हैं। रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोप बेबुनियाद निकलने के बाद सैकड़ों पत्रकारों ने शिकायतकर्ता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने धानापुर थाने के थानाध्यक्ष को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
सीता मिश्रा गांव के रहने वाले अजय कुमार मिश्र (रामाधार मिश्रा के बेटे) ने पत्रकार मुकेश कुमार मौर्य के खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी। शिकायत में रंगदारी मांगने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे।
शिकायत संख्या 20019626007084 की पुलिस जांच में ये आरोप झूठे और बेबुनियाद पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा था।
जांच रिपोर्ट आने के बाद पत्रकारों ने थानाध्यक्ष धानापुर से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पत्रकार के खिलाफ लगाए गए इन गंभीर आरोपों से उनकी सामाजिक छवि और पत्रकारिता पर असर पड़ा है। शिकायतकर्ता ने जानबूझकर झूठे आरोप लगाए थे ताकि उन्हें नुकसान हो। पत्रकारों ने उसके खिलाफ BNS की धारा 217, 248 सहित अन्य धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पत्रकारों ने लगातार हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाई और कड़ी नाराजगी जताई।
इस मामले में थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने जांच कर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।
वरिष्ठ पत्रकार मुकेश कुमार मौर्य ने कहा, “झूठे आरोप लगाकर मेरे सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई है। जब पुलिस जांच में रंगदारी और धमकी के आरोप गलत पाए गए हैं, तो झूठी शिकायत करने वाले के खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।”
उन्होंने कहा कि वह उपलब्ध जांच रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर कार्रवाई की मांग करते हैं। इस मौके पर राजेंद्र दुबे, पिंटू यादव, राजेश गुप्ता, विवेक चौरसिया, मुकेश दुबे, चंद्रभान कुशवाहा, डॉ. एके अंसारी, अमित, नवनीत सिंह, हरवंश राम, विनोद, धीरेन्द्र तिवारी और रामबहादुर सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।










