रजखड़ घाटी में पलटा ट्रक बना अवैध शराब की खेप के खुलासे का जरिया, 277 पेटियों व 100 बोरियों में मिली 4,297 लीटर शराब; चालक समेत अन्य लोग फरार
पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
दुद्धी (सोनभद्र)। ऑपरेशन शुद्धि के तहत दुद्धी पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रजखड़ घाटी में पलटे ट्रक से 15,680 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार शराब को भूसी की आड़ में 277 पेटियों और 100 प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर ले जाया जा रहा था। बरामद शराब की कुल मात्रा 4,297 लीटर बताई गई है। मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी की निगरानी में प्रभारी निरीक्षक दुद्धी विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।पुलिस के मुताबिक 20 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ म्योरपुर तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि हाथीनाला-दुद्धी मार्ग स्थित रजखड़ घाटी के ढलान मोड़ के पास ट्रक संख्या JK05G3831 पलट गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां ट्रक पलटा हुआ मिला। तलाशी के दौरान भूसी के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। पुलिस के अनुसार ट्रक की तलाशी में 277 पेटियों एवं 100 प्लास्टिक की बोरियों से कुल 15,680 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसकी कुल मात्रा 4,297 लीटर बताई गई है। इसके अलावा मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
पुलिस के पहुंचने तक ट्रक चालक और अन्य संबंधित लोग मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। बरामदगी के आधार पर थाना दुद्धी में मु0अ0सं0 265/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस तथा धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है भूसी की आड़ में शराब ले जाए जाने के मामले में पुलिस अब खेप के स्रोत, गंतव्य और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। ट्रक कहां से आया था और शराब कहां ले जाई जा रही थी, इसकी भी जांच की जा रही है। बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक हरिकेश राम, हेड कांस्टेबल सर्वेश सिंह, कांस्टेबल सुनील सरोज एवं कांस्टेबल जसवंत सिंह शामिल रहे।










