Home / Uncategorized / एक दिन, दो खतरनाक मेहमान! कहीं जाल में फंसा मगरमच्छ तो कहीं धान के खेत में निकला अजगर

एक दिन, दो खतरनाक मेहमान! कहीं जाल में फंसा मगरमच्छ तो कहीं धान के खेत में निकला अजगर

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली ) पल्टू मिश्रा
पकड़ी रेंज में वन्यजीवों की दस्तक से मचा हड़कंप, रेस्क्यू टीम ने दोनों को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ा

महराजगंज। पकड़ी रेंज क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर मगरमच्छ और अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में कौतूहल के साथ कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विजयपुर गांव के टोला पोखरहवा स्थित तालाब में मछली पकड़ने के लिए डाले गए जाल में मगरमच्छ फंस गया, जबकि केवलापुर खुर्द के पहाड़ी टोला में धान की कटाई के दौरान खेत में विशाल अजगर दिखाई दिया। दोनों घटनाओं में सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और वन्यजीवों को सुरक्षित पकड़कर उनके अनुकूल प्राकृतिक स्थानों पर छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम सभा विजयपुर के टोला पोखरहवा स्थित तालाब में ग्रामीण मछली पकड़ने के लिए जाल डाल रहे थे। इसी दौरान जाल में एक मगरमच्छ फंस गया। मगरमच्छ को देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए इसकी सूचना हरिवंश को दी। सूचना पर पहुंचे हरिवंश ने सुरक्षित तरीके से मगरमच्छ का रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे रोहिन नदी के चानकी क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
इसी क्रम में ग्राम सभा केवलापुर खुर्द के पहाड़ी टोला में किसान मशीन से धान की कटाई करा रहे थे। इसी दौरान खेत में अचानक एक विशाल अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखते ही खेत में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना रेस्क्यू टीम को दी। मौके पर पहुंचे हरिवंश ने सावधानीपूर्वक अजगर को पकड़कर उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया। बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया गया।
एक ही दिन में अलग-अलग स्थानों पर मगरमच्छ और अजगर के मिलने की घटनाएं क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रहीं। राहत की बात यह रही कि ग्रामीणों ने वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने के बजाय सूचना देकर उनका सुरक्षित रेस्क्यू कराया। वन्यजीवों को प्राकृतिक आवास में छोड़े जाने से लोगों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *