Home / Uncategorized / धानी ढाला पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती, ‘अंत्योदय’ का लिया संकल्प

धानी ढाला पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती, ‘अंत्योदय’ का लिया संकल्प

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो

 

महराजगंज।आनंद नगर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा धानी ढाला पर अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती अत्यंत गरिमापूर्ण एवं श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पंडित जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।कार्यक्रम को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए भाजपा कार्यकर्ता शिवम जायसवाल ने कहा, “पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा और समाज के वंचित व शोषित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित था। उन्होंने देश को ‘अंत्योदय’ का जो मंत्र दिया था, उसका मूल उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की भाजपा सरकारें उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलकर अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर साकार कर रही हैं।”गोष्ठी में उपस्थित अन्य प्रमुख कार्यकर्ताओं, जिनमें अंकुर पासवान, रामेश्वर चौरसिया और अनूप पासवान शामिल रहे, ने भी पंडित जी के जीवन वृत्त और उनके संगठनात्मक कौशल पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि पंडित जी का एकात्म मानववाद का दर्शन आज के समय में भी बेहद प्रासंगिक है और यह देश को आर्थिक व सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का सबसे बड़ा जरिया है।इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के पदचिन्हों पर चलने, उनके महान विचारों को जन-जन तक पहुँचाने तथा संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और भारत माता की जय के नारों के साथ हुआ। इस दौरान स्थानीय क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *