Home / Uncategorized / दो साल से बंद फैजुल्लाह की मौत की फाइल फिर खुली, हाईकोर्ट की सख्ती के बाद रेलवे ट्रैक पर हुआ रिक्रिएशन

दो साल से बंद फैजुल्लाह की मौत की फाइल फिर खुली, हाईकोर्ट की सख्ती के बाद रेलवे ट्रैक पर हुआ रिक्रिएशन

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
डमी रखकर दोहराई गई घटना की कड़ी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी उठे थे सवाल; 30 सितंबर को हाईकोर्ट में सुनवाई
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के पौहरिया निवासी फैजुल्लाह की संदिग्ध मौत का मामला करीब दो साल बाद एक बार फिर सुर्खियों में है। पुलिस द्वारा अंतिम रिपोर्ट न्यायालय में दाखिल किए जाने के बावजूद परिजनों के सवाल खत्म नहीं हुए। मामला हाईकोर्ट पहुंचने और अवमानना नोटिस जारी होने के बाद पुलिस ने जांच में तेजी दिखाई है। इसी क्रम में रेलवे ट्रैक पर डमी रखकर घटना का वैज्ञानिक तरीके से रिक्रिएशन कराया गया।
फैजुल्लाह 11 अक्टूबर 2024 को रेलवे ट्रैक के किनारे गंभीर हालत में मिले थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 13 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई। परिजनों ने गांव के चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस जांच के बाद आरोप प्रमाणित नहीं होने की बात कहते हुए अंतिम रिपोर्ट न्यायालय भेज दी गई।
इसके बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट की दोबारा चिकित्सकीय समीक्षा के लिए मामला स्टेट मेडिकोलीगल सेल, लखनऊ भेजा गया। वहां से चोटों को ट्रेन से रन-ओवर इंजरी से संबंधित बताया गया। साथ ही मौत की परिस्थितियों की पुष्टि के लिए घटनास्थल का वैज्ञानिक परीक्षण कराने की आवश्यकता जताई गई।
कोर्ट के आदेश के बाद तेज हुई जांच
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के 30 मार्च 2026 के आदेश में दो महीने के भीतर जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा। इसके बाद अवमानना नोटिस जारी हुआ। अब 30 सितंबर को मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है।
पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए रेलवे ट्रैक पर डमी रखकर घटना का रिक्रिएशन कराया। इस दौरान घटनास्थल की परिस्थितियों और चोटों से जुड़े संभावित पहलुओं का परीक्षण किया गया। पुलिस का कहना है कि रिक्रिएशन से मिले साक्ष्यों को विवेचना में शामिल किया जाएगा।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिक्रिएशन से प्राप्त साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाकर उपलब्ध तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *