Home / Uncategorized / पिपरी CO हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में गांजा तस्करों पर शिकंजा, 2 क्विंटल 850 ग्राम गांजा बरामद

पिपरी CO हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में गांजा तस्करों पर शिकंजा, 2 क्विंटल 850 ग्राम गांजा बरामद

थाना प्रभारी राजेश चौबे के नेतृत्व में XUV से 195 पैकेट गांजा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी

पिपरी (सोनभद्र), 1 अक्टूबर। स्थानीय थाना क्षेत्र में “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पिपरी पुलिस ने रनटोला-मुर्धवा मार्ग पर कार्रवाई करते हुए एक महिन्द्रा XUV से 2 क्विंटल 850 ग्राम गांजा बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने वाहन सवार दो आरोपियों उमेश अहिरवार (23) और महिपाल पाल (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 30 सितंबर की रात करीब 10:45 बजे टीम रनटोला-मुर्धवा मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुर्धवा से करीब दो किलोमीटर आगे पुलिस को देखकर XUV अचानक पीछे मुड़कर भागने लगी। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान पिछली सीट के नीचे और डिग्गी से 195 पैकेटों में प्लास्टिक टेप से पैक गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन से दो मोबाइल फोन और दो नंबर प्लेट भी बरामद करने की बात कही है। पुलिस के मुताबिक अलग-अलग नंबर प्लेट के इस्तेमाल से वाहन की पहचान छिपाने और चेकिंग से बचने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा से गांजा लाकर महोबा पहुंचाने की बात बताई है। इसके एवज में उन्हें कथित तौर पर 20-20 हजार रुपये प्रति चक्कर दिए जाने थे। पुलिस ने इससे पहले भी एक-दो बार गांजा पहुंचाने की बात सामने आने का दावा किया है। हालांकि, पूछताछ संबंधी इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई है। मामले में कथित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पिपरी पुलिस के अनुसार मु0अ0सं0 186/2026 में धारा 8/20/27A/29/60 एनडीपीएस एक्ट तथा 318(4), 336(2), 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार बरामदगी, बयानों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश चौबे, उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज समेत पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *