पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
अभियुक्तो के कब्जे से 50 लीटर कच्ची शराब व 24 अदद बन्टी-बबली (देशी शराब) तथा 01 नाव बरामद
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन मे जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर पूर्णतः अंकुश लगाने तथा नशा मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने हेतु समस्त थाना क्षेत्रों में एक विशेष व व्यापक अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत जनपद की पुलिस टीमों द्वारा त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई करते हुए कुल 64 संदिग्ध स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने हेतु तैयार किए गए लगभग 17 क्विंटल लहन एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों को मौके पर ही पूरी तरह से नष्ट किया गया। मौके से बरामद लगभग 770 लीटर अवैध कच्ची शराब को निष्प्रभावी व नष्ट किया गया।
कार्रवाई के दौरान कुल 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 50 लीटर कच्ची शराब, 24 अदद बन्टी-बबली (देशी शराब) तथा 01 नाव बरामद की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित थानों पर आबकारी अधिनियम एवं सुसंगत धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध यह सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी ।










