टिल्लू यादव के नेतृत्व में युवाओं ने उठाया स्वच्छता का बीड़ा, फूल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर बढ़ाया हौसला; जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर युवाओं ने जताई नाराजगी, जिलाधिकारी से सम्मानित करने की मांग
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज। फरेंदा/बिशुनपुर अदरौना प्रसिद्ध मां लेहड़ा देवी मंदिर परिसर के पीछे स्थित पावही तालाब की बदहाल स्थिति को सुधारने के लिए स्थानीय युवाओं द्वारा चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। तालाब में लंबे समय से जमा गंदगी और कचरे को देखकर युवाओं ने किसी सरकारी पहल का इंतजार किए बिना स्वयं सफाई का बीड़ा उठाया। पिछले छह दिनों से लगातार श्रमदान कर रहे इन युवाओं की मेहनत और सेवा भावना की समाजसेवियों व नेताओं ने सराहना करते हुए उनका सम्मान किया।
समाजसेवी टिल्लू यादव के नेतृत्व में श्रीधर यादव, महेश, मोनू, दीपक, रंजीत और अंगद सहित अन्य युवा पूरी लगन के साथ तालाब की साफ-सफाई में जुटे हुए हैं। युवाओं के इस निस्वार्थ प्रयास का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद अभियान को व्यापक पहचान मिली और लोगों ने उनके कार्य की सराहना शुरू कर दी।
इसी क्रम में समाजसेवी करमचंद यादव, सभासद गुड्डू यादव, भाजपा युवा नेता शिवम जायसवाल, जितेंद्र यादव, संजय राव, कपिल यादव, आलोक कुमार, दीपक कुमार अभियान स्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने श्रमदान कर रहे युवाओं का उत्साहवर्धन किया तथा लोगों ने टिल्लू यादव एवं उनकी पूरी टीम को फूल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। साथ ही मां लेहड़ा देवी की तस्वीर भेंट कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की गई।
इस अवसर पर समाजसेवी करमचंद यादव, भाजपा युवा नेता शिवम जायसवाल और संजय राव ने अपने संबोधन में कहा कि मां लेहड़ा देवी मंदिर न केवल क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि इसकी धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान भी है। मंदिर परिसर और उसके आसपास स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं ने जिस तरह अपने स्तर से आगे आकर सफाई अभियान शुरू किया है, वह समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। ऐसे युवाओं को प्रोत्साहित करना हम सभी का कर्तव्य है।
जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर उठे सवाल, जिलाधिकारी से सम्मान की मांग
वहीं, छह दिनों से लगातार श्रमदान कर रहे युवाओं और मौके पर पहुंचे समाजसेवियों व नेताओं ने क्षेत्रीय विधायक एवं जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि इतने महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल के पीछे स्थित तालाब की सफाई के लिए युवा लगातार मेहनत कर रहे हैं, लेकिन शुरुआती दिनों में उनका उत्साह बढ़ाने और समस्या की सुध लेने के लिए जनप्रतिनिधियों की ओर से
कोई पहल सामने नहीं आई।
अभियान में जुटे युवाओं ने जिलाधिकारी महोदय से मांग की है कि धार्मिक स्थल की स्वच्छता के लिए निस्वार्थ भाव से श्रमदान करने वाली इस युवा टीम के योगदान को संज्ञान में लेकर उन्हें सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही पावही तालाब की नियमित साफ-सफाई और संरक्षण के लिए भी उचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
युवाओं की पहल ने दिया समाज को बड़ा संदेश
पावही तालाब की सफाई में जुटे युवाओं की पहल ने यह संदेश दिया है कि समाज में बदलाव लाने के लिए केवल सरकारी योजनाओं का इंतजार करना जरूरी नहीं है। यदि युवा संकल्प लेकर आगे आएं तो सामूहिक प्रयास से बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान हो सकता है। आज का युवा, जिसमें भाजपा युवा नेता शिवम जायसवाल भी शामिल हैं, इस बात पर जोर दे रहा है कि मंदिर की पवित्रता के साथ पावही तालाब की स्वच्छता भी लंबे समय तक बनी रहे।










