आयर बाजार स्थित जिला सहकारी बैंक में रातभर चली सेंधमारी की कोशिश, नकदी सुरक्षित; पुलिस और फाॅरेंसिक जांच में जुटी
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के मुर्दहा पुलिस चौकी अंतर्गत आयर बाजार स्थित जिला सहकारी बैंक में शनिवार रात अज्ञात चोरों ने दुस्साहसिक ढंग से सेंधमारी कर बड़ी चोरी की कोशिश की, लेकिन उनका मंसूबा सफल नहीं हो सका। चोर बैंक के पिछले हिस्से में सीढ़ी लगाकर बाउंड्री वॉल फांदते हुए परिसर में दाखिल हुए और गलियारे के लोहे के दरवाजे को गैस कटर से काट दिया। हालांकि बैंक के भीतर रखी नकदी और अन्य सामग्री सुरक्षित रही।
सुबह दुकानदार की नजर पड़ी तो खुला मामला
घटना का खुलासा रविवार सुबह हुआ। बैंक के समीप स्थित गायत्री पूजन सामग्री एवं पतंजलि स्टोर के संचालक दीपक सिंह जब अपनी दुकान की ओर पहुंचे तो उन्होंने बैंक की गली का दरवाजा खुला और कटा हुआ देखा। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने तत्काल बैंक प्रबंधक सुधीर रंजन और कैशियर मनीष नायक को सूचना दी। दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेने के बाद पुलिस को अवगत कराया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी संध्या जायसवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वरुण जोन राजेश कुमार पाण्डेय, एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी तथा प्रभारी निरीक्षक चोलापुर सधुबन राम गौतम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इसके बाद पहुंची फॉरेंसिक टीम ने फिंगरप्रिंट समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास में जुटी है।
बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बैंक परिसर के अंदर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं थी। वित्तीय संस्थान में सुरक्षा उपकरणों का अभाव बैंक प्रबंधन की बड़ी चूक माना जा रहा है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
लॉकर में रखे 25 लाख रुपये सुरक्षित
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बैंक के लॉकर में लगभग 25 लाख रुपये नकद रखे थे, जो पूरी तरह सुरक्षित हैं। डीसीपी ने बैंक अधिकारियों को सुरक्षा के मद्देनजर बैंक को अधिक सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने अथवा तब तक रात्रिकालीन सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बैंक परिसर में सीसीटीवी कैमरे तत्काल लगाने को भी कहा गया है।
संदिग्धों की तलाश तेज
पुलिस का मानना है कि चोर पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे, लेकिन हो सकता है कि पुलिस सायरन की वजह से वे अपने मकसद में सफल नहीं हो सके। पुलिस आसपास के मार्गों और प्रतिष्ठानों में लगे कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना ने क्षेत्र के बैंक और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।










