लोगों को रौंदते हुए खली-चुन्नी की दुकान में घुसी ट्रक, शव रखकर जाम लगाने से घंटों ठप रहा आवागमन
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत चमरहां (हनुमानगंज) बाजार में रविवार दोपहर करीब ढाई बजे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने भीषण हादसे को अंजाम दे दिया। ट्रक पहले सड़क किनारे मछली बेच रहे युवक और ग्राहक को रौंदते हुए करीब 40 फीट दूर स्थित खली-चुन्नी की दुकान में जा घुसी। हादसे में मछली विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मछली विक्रेता की मौके पर मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर वाराणसी से आजमगढ़ की ओर जा रही ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गई। ट्रक की चपेट में आने से मछली विक्रेता विकास सोनकर (26) पुत्र राजकुमार निवासी गोपपुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं मछली खरीदने पहुंचे शिवम (15) निवासी गोपपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुकान में घुसने से कई लोग घायल
बेकाबू ट्रक सड़क से उतरकर सतीश जायसवाल की खली-चुन्नी की दुकान में जा घुसी। हादसे में दुकानदार सतीश जायसवाल (60), कर्मचारी सोती हरिजन (35) निवासी गोपपुर तथा पल्लेदार चिल्लू यादव निवासी गोसाईपुर मोहांव गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही चंदापुर चौकी प्रभारी अविनाश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया, जबकि कुछ घायलों को परिजन बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।
मुआवजे की मांग को लेकर शव रखकर लगाया जाम
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक का शव वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना पर एसडीएम सदर नितिन सिंह,
एडीसीपी लिपि नागयाच तथा एसीपी विनय कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों व ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें समझाया-बुझाया, जिसके बाद शाम लगभग 7 बजे जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक विकास सोनकर अपने परिवार का सहारा था। उसकी एक वर्ष की पुत्री है। हादसे की सूचना मिलते ही पत्नी मोनी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। विकास तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ट्रक चालक हिरासत में
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।










