Home / Uncategorized / हजारों छात्रों-किसानों ने डीएम कार्यालय पर किया प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

हजारों छात्रों-किसानों ने डीएम कार्यालय पर किया प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

नौ अक्टूबर को बलिया बंद और छात्र कर्फ्यू का ऐलान

राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। छात्रों और किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को हजारों की संख्या में जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र- छात्राएं और किसान जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की गई। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें एक सप्ताह के भीतर पूरी नहीं हुई तो नौ अक्टूबर को बलिया बंद और छात्र कर्फ्यू का आह्वान किया जाएगा।
पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक नागेंद्र बहादुर सिंह ‘झुन्नू’ ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से छात्रों को मोबाइल और टैबलेट का वितरण नहीं किया जा रहा है। वहीं, प्रत्येक वर्ष महाविद्यालयों की ओर से शुल्क में वृद्धि की जा रही है, जबकि छात्रवृत्ति की धनराशि में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रवृत्ति की धनराशि दोगुनी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवा लगातार निराश और हताश हैं। प्रदेश सरकार को विधानसभा चुनाव से पहले विभिन्न विभागों में कम से कम पांच लाख नियुक्तियां पूरी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं की अनदेखी जारी रही तो युवा इसका जवाब देने के लिए तैयार हैं। कुंवर सिंह पीजी कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष मिथिलेश यादव ‘मोती’ ने कहा कि जब बड़े-बड़े पूंजीपतियों का अरबों रुपये का कर्ज माफ किया जा सकता है तो किसानों और छात्रों के कर्ज को भी माफ किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बाढ़ और चक्रवात के कारण किसान आर्थिक रूप से बर्बाद हो चुके हैं और कर्ज के बोझ तले दबे हैं। वहीं, किसानों के बच्चे भी कर्ज लेकर अपनी पढ़ाई पूरी करने को मजबूर हैं। सरकार को किसानों और छात्रों का कर्ज तत्काल माफ करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *