Home / Uncategorized / मानदेय बढ़ाने की मांग पर जल जीवन मिशन के पंप ऑपरेटरों का हल्लाबोल

मानदेय बढ़ाने की मांग पर जल जीवन मिशन के पंप ऑपरेटरों का हल्लाबोल

एलएंडटी कंपनी गेट पर दो घंटे तक चला धरना-प्रदर्शन, 20 हजार रुपये मानदेय व सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं की उठाई मांग

पूर्वांचल राज्य वाराणसी (चोलापुर)।

जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत कार्यरत पंप ऑपरेटरों ने सोमवार को मानदेय वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत उदयपुर स्थित एलएंडटी कंपनी के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक चले आंदोलन के दौरान कंपनी परिसर में कर्मचारियों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। प्रदर्शनकारी अपनी समस्याओं के समाधान और कंपनी प्रबंधन से वार्ता की मांग पर अड़े रहे।

साढ़े तीन साल से सेवा, फिर भी कम मानदेय का आरोप

धरना दे रहे पंप ऑपरेटरों का कहना था कि वे पिछले लगभग साढ़े तीन वर्षों से जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें अपेक्षाकृत कम मानदेय मिल रहा है। उनका आरोप है कि कई स्थानों पर आठ घंटे की निर्धारित ड्यूटी के बजाय 12 से 24 घंटे तक कार्य करना पड़ता है, लेकिन मासिक मानदेय मात्र 6,500 से 8,000 रुपये तक सीमित है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि वेतन भुगतान में अक्सर विलंब होता है तथा अनुपस्थिति या आकस्मिक अवकाश के नाम पर मानदेय में कटौती कर दी जाती है।

20 हजार रुपये मानदेय और पीएफ-ईएसआई की मांग

पंप ऑपरेटरों ने मानदेय बढ़ाकर न्यूनतम 20 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की। इसके साथ ही पीएफ, ईएसआई, चिकित्सा बीमा तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जलापूर्ति जैसी आवश्यक सेवा से जुड़े होने के बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान सुविधाएं और सुरक्षा नहीं मिल रही हैं। उन्होंने आउटसोर्सिंग और संविदा कर्मियों को संबंधित सरकारी योजनाओं एवं आधिकारिक अभिलेखों में शामिल करने की भी मांग की, ताकि सेवा शर्तों में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

प्रोजेक्ट मैनेजर की अनुपस्थिति में इंजीनियर को सौंपा ज्ञापन

धरने के दौरान पंप ऑपरेटरों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन कंपनी के इंजीनियर पोपल को सौंपा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रोजेक्ट मैनेजर शमशेर आलम के मौके पर मौजूद न होने के कारण ज्ञापन इंजीनियर को सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

पुलिस की मौजूदगी में समाप्त हुआ धरना

धरना-प्रदर्शन की सूचना पर चोलापुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों और कंपनी प्रबंधन के बीच संवाद स्थापित कर स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखा। ज्ञापन सौंपे जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।

दो घंटे तक प्रभावित रहा आवागमन

धरने के कारण एलएंडटी कंपनी के मुख्य गेट पर कर्मचारियों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। कई वाहन और कर्मचारी कुछ समय तक गेट के अंदर-बाहर फंसे रहे। बाद में पुलिस की पहल और वार्ता के बाद स्थिति सामान्य हो सकी तथा आवागमन बहाल हो गया। प्रदर्शन में अलीउद्दीन, सूरज पटेल, धर्मेंद्र कुमार यादव, गोलू यादव, राजकिशोर, महेश यादव, नरेश यादव, निर्मलाल पटेल, मनीष पटेल समेत बड़ी संख्या में पंप ऑपरेटर शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उनके मानदेय और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *