महराजगंज। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और लोगों को ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस ने शुक्रवार को महामाया आईटी पॉलिटेक्निक में वृहद साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना की टीम ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए। साथ ही ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होने पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनकी मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं। ऐसे में मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है। लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के साथ ओटीपी साझा न करने, सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।
ठगी होने पर तत्काल करें शिकायत पुलिस टीम ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो उसे बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करना चाहिए। इसके अलावा आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। समय रहते शिकायत करने से पीड़ित को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और धनराशि के लेनदेन पर कार्रवाई की संभावना बढ़ सकती है।
साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल नजदीकी थाने या साइबर सेल से संपर्क करने की अपील की गई। पुलिसकर्मियों ने साइबर अपराध से जुड़े मामलों में पीड़ितों को उचित मार्गदर्शन देने और साइबर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करने की प्रक्रिया भी समझाई।
इन पुलिसकर्मियों ने दी जानकारी
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक अमित यादव, उपनिरीक्षक सचिन कुमार, कांस्टेबल ऑपरेटर प्रफुल्ल यादव, हेड कांस्टेबल रामनिवास भार्गव और कांस्टेबल अमरजीत सिंह सहित साइबर क्राइम थाना की टीम मौजूद रही।
पुलिस ने संदेश दिया कि साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी तरीका सतर्कता और जागरूकता है। किसी भी तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 डायल करें और आधिकारिक माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं।
साइबर ठगों से बचाव का पाठ पढ़ाने पहुंची महराजगंज पुलिस, छात्रों को बताया ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल










