पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र। पिपरी थाना क्षेत्र के मुरलीगढ़ वार्ड नंबर-4 निवासी 22 वर्षीय प्रीतम विश्वकर्मा, पुत्र अजय विश्वकर्मा का शव रिहंद जलाशय में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कई दिनों से लापता युवक की तलाश में जुटे परिजनों को जब उसके शव मिलने की सूचना मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। असनहर गांव के पास जलाशय में शव उतराता दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव की पहचान कराई।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रीतम विश्वकर्मा किसी बात को लेकर नाराज होकर घर से निकल गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। युवक के घर नहीं पहुंचने पर परिजन चिंतित हो उठे और अपने स्तर से उसकी तलाश शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन करने के साथ ही परिचितों और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
इसके बाद परिजनों ने पिपरी थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने 23 अक्टूबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की। परिजन उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए थे, लेकिन जलाशय में शव मिलने की खबर से उनकी उम्मीदें टूट गईं।
जानकारी के मुताबिक, 28 अक्टूबर को असनहर गांव के पास रिहंद जलाशय में एक युवक का शव पानी में उतराता दिखाई दिया। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पिपरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
इस दौरान उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, पूर्व सभासद अजीत गुप्ता उर्फ मंटू समेत अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। प्रयास के बाद शव की पहचान मुरलीगढ़ वार्ड नंबर-4 निवासी प्रीतम विश्वकर्मा के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
प्रीतम का शव मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया। कई दिनों से उसकी तलाश कर रहे परिजनों को उम्मीद थी कि वह सकुशल घर लौट आएगा। युवक की मौत की खबर से परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। घटना के बाद मुरलीगढ़ वार्ड सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।










