साड़ी, चूड़ी, सौंदर्य प्रसाधन और पूजन सामग्री की दुकानों पर रही रौनक, महिलाओं में दिखा उत्साह
पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
रेणुकूट, सोनभद्र। करवा चौथ की पूर्व संध्या पर बुधवार को सोनभद्र जिले के प्रमुख बाजारों में खरीदारों की चहल-पहल बढ़ गई। पिपरी, रेणुकूट, दुद्धी, शक्तिनगर, अनपरा, रॉबर्ट्सगंज, घोरावल, चोपन, ओबरा, बभनी और बीजपुर समेत विभिन्न कस्बों में महिलाएं पर्व की तैयारियों को लेकर खरीदारी करती नजर आईं। सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
बाजारों में साड़ी, चूड़ी और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ रही। महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार साड़ियां और श्रृंगार का सामान खरीदती दिखीं। वहीं, करवा चौथ पूजन के लिए करवा, छलनी, लोटा, सींक, गट्टा और अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। फल विक्रेताओं और मिठाई की दुकानों पर भी खरीदारी का माहौल रहा।
त्योहार को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक से दुकानदारों में उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने व्रत और पूजन से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए आवश्यक सामान खरीदा। कारोबारियों को भी पर्व के अवसर पर अच्छे कारोबार की उम्मीद रही।
करवा चौथ पर सुहागिन महिलाएं पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और दांपत्य जीवन की खुशहाली की कामना के साथ व्रत रखती हैं। इस अवसर पर भगवान गणेश, माता पार्वती और करवा माता की पूजा-अर्चना की जाती है। शाम को चंद्रमा के दर्शन कर अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रत का पारण किया जाता है। इसी आस्था और परंपरा के चलते महिलाओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।










