पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज।
महराजगंज जनपद में चल रही बोर्ड परीक्षाओं के बीच तेज आवाज में डीजे और साउंड सिस्टम बजने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने बड़ी कार्रवाई की है। देर रात तक डीजे संचालन को लेकर बरती गई लापरवाही के मामले में कलेक्ट्रेट चौकी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों व कर्मचारियों में जिम्मेदारी को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि बोर्ड परीक्षा के दौरान कुछ क्षेत्रों में देर रात तक डीजे और तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन किया जा रहा था, जिससे परीक्षार्थियों की पढ़ाई और उनकी मानसिक एकाग्रता प्रभावित हो रही थी। इस संबंध में लगातार शिकायतें मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बोर्ड परीक्षा अवधि में रात के समय डीजे, आर्केस्ट्रा और तेज आवाज में साउंड सिस्टम का संचालन किसी भी स्थिति में न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों के लिए शांत और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
एसपी ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि किसी भी क्षेत्र में आदेशों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित थाना या चौकी प्रभारी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से गश्त करने और ऐसे मामलों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग की अपील की है और कहा है कि परीक्षा अवधि के दौरान ध्वनि प्रदूषण से बचें, ताकि परीक्षार्थियों को बेहतर माहौल मिल सके और वे बिना किसी व्यवधान के अपनी परीक्षा की तैयारी कर सकें।
बोर्ड परीक्षा के दौरान डीजे लापरवाही पर सख्ती, कलेक्ट्रेट चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर; एसपी ने जारी किए कड़े निर्देश










