पूर्वांचल राज्य /ब्यूरो /राजेश कुमार
सोनभद्र। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के सत्र 2025-26 के चुनाव को लेकर एल्डर कमेटी ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। एल्डर कमेटी के अध्यक्ष श्रीनाथ सिंह एडवोकेट ने वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार यादव एडवोकेट को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। उनके सहयोग के लिए सुरेश सिंह कुशवाहा एडवोकेट व राजकुमार सिंह पटेल एडवोकेट को सहायक चुनाव अधिकारी बनाया गया है।
एल्डर कमेटी के अध्यक्ष श्रीनाथ सिंह एडवोकेट ने कहा कि मुख्य चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण व पारदर्शी ढंग से पूरी की जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश कुमार यादव एडवोकेट ने बताया कि चुनाव की समय-सारिणी घोषित कर दी गई है। नामांकन पत्रों का वितरण एवं जमा 23 फरवरी 2026 से 24 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। 25 फरवरी 2026 को नामांकन सूची का प्रकाशन, आपत्तियां प्राप्त करना, नामांकन पत्रों की जांच तथा आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। 26 फरवरी 2026 को वैध नामांकन सूची का प्रकाशन, नामांकन वापसी एवं अंतिम सूची जारी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 27 फरवरी को निःशुल्क मतदाता सूची का वितरण किया जाएगा तथा 7 मार्च 2026 को टेंडर मतदान होगा। 9 मार्च 2026 को मतदान कराया जाएगा। उसी दिन मतगणना कर परिणामों की घोषणा की जाएगी। तत्पश्चात एल्डर कमेटी द्वारा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट, पूर्व अध्यक्ष श्यामबिहारी यादव एडवोकेट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह एडवोकेट, महामंत्री प्रदीप कुमार सिंह मौर्य एडवोकेट, चतुर्भुज शर्मा एडवोकेट, एल्डर कमेटी सदस्य मुश्ताक अली एडवोकेट, निर्मलेंद्र कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट, रमेश चंद्र सिंह एडवोकेेट व छोटे लाल गौतम एडवोकेट सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।
वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार यादव मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त, 23 से 24 फरवरी तक नामांकन, 9 मार्च को मतदान व मतगणना










