पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। बिल्थरारोड क्षेत्र के पिपरौली बड़ागांव निवासी प्राथमिक विद्यालय चौकियां मोड़ के प्रधानाध्यापक विजय शंकर गुप्ता के पुत्र डॉ. अमरेंद्र गुप्ता का चयन देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली में बतौर चिकित्सक हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण व्याप्त है। डॉ. अमरेंद्र गुप्ता की प्रारंभिक शिक्षा अपने पैतृक गांव के प्राथमिक विद्यालय से ही हुई। इसके बाद उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय, बलिया से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। कठिन परिश्रम एवं लगन के बल पर मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अमरेन्द्र ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की। लखनऊ स्थित फातिमा हॉस्पिटल से एमडी कर अपनी चिकित्सकीय शिक्षा को और सुदृढ़ किया। अब एम्स, नई दिल्ली में चयनित होकर उन्होंने क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। डॉ. अमरेंद्र ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों एवं मित्रों को दिया है। उनकी इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी दृढ़ संकल्प, सतत परिश्रम और सही मार्गदर्शन के बल पर उच्च मुकाम प्राप्त किया जा सकता है। डॉ. अमरेन्द्र की सफलता पर खंड शिक्षा अधिकारी सीयर सुनील चौबे, शिक्षक देवेंद्र वर्मा, कृष्णा नन्द सिंह, वीरेंद्र यादव, आशुतोष पाण्डेय, हरेकृष्णा पाण्डेय, अजित सिंह, नन्द लाल शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। पूरे बिल्थरा रोड क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोग उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभाशीष दे रहे हैं।
डॉ. अमरेंद्र गुप्ता का अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान नई दिल्ली में चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर










