पूर्वांचल राज्य /ब्यूरो
सोनभद्र। रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक परेड के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार ने परेड की सलामी ली और पुलिस बल का सूक्ष्म निरीक्षण किया।
रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एएसपी ने जवानों की अनुशासन, एकरूपता और तत्परता का जायजा लिया। परेड के उपरांत पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से दौड़ भी कराई गई। टोलीवार ड्रिल का अभ्यास कराया गया ताकि बल में बेहतर तालमेल और अनुशासन कायम रहे।
निरीक्षण के क्रम में एएसपी द्वारा यू0पी0-112 तथा विभिन्न थानों से आए वाहनों की गहन चेकिंग की गई। पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों से दंगा नियंत्रण उपकरणों, सुरक्षा संसाधनों एवं अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता और कार्यशीलता के संबंध में जानकारी ली गई। आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संसाधनों को सदैव क्रियाशील स्थिति में रखने पर बल दिया गया।
इसके बाद पुलिस लाइन परिसर स्थित क्वार्टर गार्द पर सलामी गार्द द्वारा विधिवत सलामी दी गई। एएसपी ने गार्द रजिस्टर की पेशी देखी तथा अभिलेखों का परीक्षण किया। साथ ही स्टोर शाखा, परिवहन शाखा, मेस, पुलिस बैरक एवं अन्य स्थानों का निरीक्षण कर साफ-सफाई और संसाधनों के सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने समस्त पुलिस बल को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं तत्परता के साथ जनसेवा के लिए सदैव तैयार रहने के लिए प्रेरित किया।
सोनभद्र में एएसपी ने ली मंगलवार परेड की सलामी, यू0पी0-112 वाहनों का किया गहन निरीक्षण










