पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी
दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र दुद्धी निवासी अलाउदीन के साथ साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है।
अज्ञात व्यक्ति द्वारा अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर उनसे ₹35,348 की ठगी कर ली गई। इस घटना से पीड़ित को आर्थिक के साथ-साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ा।
पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के निर्देशन में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई शुरू की गई।
थाना दुद्धी की साइबर टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया। पुलिस की तत्परता के चलते ठगी की गई धनराशि को समय रहते होल्ड करा दिया गया, जिससे आगे की ट्रांजैक्शन पर रोक लगाई जा सकी।
इसके बाद न्यायालय से आवश्यक आदेश प्राप्त कर पूरी ₹35,348 की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। इस त्वरित कार्रवाई से न केवल पीड़ित को राहत मिली, बल्कि साइबर अपराध के प्रति पुलिस की सजगता और दक्षता भी स्पष्ट हुई।
राशि वापस मिलने पर पीड़ित अलाउदीन ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, ऑनलाइन धमकी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत NCRP पोर्टल या नजदीकी थाना/साइबर सेल को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर नुकसान से बचा जा सके










