Home / Uncategorized / ऑनलाइन टै्स जमा करने वालों को मिल रही 12 फीसदी छूट, 8,944 भवन स्वामियों ने उठाया लाभ

ऑनलाइन टै्स जमा करने वालों को मिल रही 12 फीसदी छूट, 8,944 भवन स्वामियों ने उठाया लाभ

15 जुलाई तक गृहकर, जलकर व सीवर कर जमा करने पर विशेष राहत
दिव्यांगों को 100 फीसदी और स्वतंत्रता सेनानियों व पद्म अवार्डियों को 50 फीसदी छूट

पूर्वाचल राज्य
वाराणसी। नगर निगम द्वारा गृहकर, जलकर एवं सीवर कर पर दी जा रही छूट योजना का शहरवासी तेजी से लाभ उठा रहे हैं। निगम के अनुसार अब तक 14,294 भवन स्वामियों ने कुल 7.65 करोड़ रुपये का टैक्स जमा किया है, जिनमें 8,944 लोगों ने छूट का लाभ लेते हुए 3.80 करोड़ रुपये राजकोष में जमा किए हैं।
नगर निगम द्वारा 15 जुलाई तक टैक्स जमा करने वाले भवन स्वामियों को 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। वहीं डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा देने के लिए ऑनलाइन माध्यम से भुगतान करने वालों को अतिरिक्त 2 प्रतिशत की राहत मिल रही है। इस प्रकार ऑनलाइन टैक्स जमा करने पर कुल 12 प्रतिशत तक की छूट मिल रही है।
निगम के आंकड़ों के अनुसार 5,350 भवन स्वामियों ने निगम की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन टैक्स जमा किया, जबकि 8,944 लोगों ने निगम काउंटर पर पहुंचकर भुगतान किया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि कार्यकारिणी की मंजूरी के बाद 7 मई से 15 जुलाई तक वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करीब 2.33 लाख भवन स्वामियों को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन नागरिकों ने 1 अप्रैल से 6 मई के बीच टैक्स जमा कर दिया था, उनकी छूट की राशि अगले वित्तीय वर्ष में समायोजित कर दी जाएगी।
नगर निगम ने इस बार सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए विशेष राहत की भी घोषणा की है। नगर आयुक्त के अनुसार दृष्टिहीन एवं 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले भवन स्वामियों का गृहकर, जलकर और सीवर कर पूरी तरह माफ किया गया है। इसके लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र निगम कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।
इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानियों और पद्म अवार्ड प्राप्त नागरिकों को सम्मान स्वरूप गृहकर, जलकर एवं सीवर कर में 50 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *