चंदौली जिले की धानापुर पुलिस ने अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में एक मजदूर को गिरफ्तार किया है। यह घटना 4 जून 2026 को धानापुर थाना क्षेत्र के ग्राम ओडौला स्थित एक ईंट भट्टे पर हुई थी।
पुलिस के अनुसार, विनोद मांझी (55), जो बिहार के गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के सुन्दरचक गांव का निवासी है, का अपनी पत्नी फुलवा देवी से खाना बनाने को लेकर विवाद हो गया था। गुस्से में विनोद ने फुलवा देवी को ईंट भट्टे पर पटक कर पीटा, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
इस घटना के संबंध में धानापुर थाने में मु.अ.सं. 86/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में धानापुर पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर, पुलिस टीम ने आरोपी विनोद मांझी को ग्राम ओड़ला में कूड़ा घर के पास दैत्रा बाबा के पेड़ के नीचे बने चबूतरे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन, कांस्टेबल इंद्रजीत यादव, योगेश सिंह और अमन पटेल शामिल थे। आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।










