Home / Uncategorized / पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम-एसपी ने केंद्रों का किया निरीक्षण

पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम-एसपी ने केंद्रों का किया निरीक्षण

पूर्वांचल राज्य | काजल तिवारी

कानपुर देहात में पुलिस भर्ती परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। शनिवार को जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश प्रबंधन, बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम और सुरक्षा व्यवस्था की भी गहन समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा शासन की ओर से जारी सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी अनियमितता पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की सघन जांच और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

जिला प्रशासन ने भरोसा जताया है कि भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *