जनपद महराजगंज में आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
निरीक्षण के दौरान जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज, महाराजगंज, महामाया आईटी पॉलिटेक्निक, महाराजगंज तथा महराजगंज इंटरमीडिएट कॉलेज, महराजगंज का भ्रमण कर परीक्षा आयोजन से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों से परीक्षा की तैयारियों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, परीक्षा कक्षों की सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया गया। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया गया कि शासन द्वारा निर्धारित समस्त मानकों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क निगाह रखने तथा परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जनपद प्रशासन एवं महराजगंज पुलिस द्वारा पुलिस भर्ती परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सुरक्षा के साथ संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना प्रभारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।










