पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली ) पल्टू मिश्रा
बजहा उर्फ अहिरौली-डोमा मार्ग पर हादसा, कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों का प्रदर्शन; पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर जांच शुरू की
महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के बजहा उर्फ अहिरौली-डोमा मार्ग पर रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम प्रिंस चौहान की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चे के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम समाप्त कराया और यातायात बहाल कराया।
जानकारी के अनुसार, डोमा कांटी गांव निवासी प्रिंस चौहान (8 वर्ष), पुत्र सुरेंद्र चौहान, सड़क किनारे पैदल जा रहा था। उसी दौरान गांव की ओर से गुजर रहा एक ट्रैक्टर उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से जैसे ही मासूम की मौत की खबर गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण
मासूम की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चे के शव को बजहा उर्फ अहिरौली-डोमा मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपित ट्रैक्टर चालक की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
सूचना मिलते ही निचलौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
ट्रैक्टर पुलिस कब्जे में, जांच शुरू
थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। बच्चे के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।










