Home / Uncategorized / राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन ने भदोही में सौंपी नई जिम्मेदारियां, घोसिया के रतीस जायसवाल व अरमान अहमद बने पदाधिकारी

राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन ने भदोही में सौंपी नई जिम्मेदारियां, घोसिया के रतीस जायसवाल व अरमान अहमद बने पदाधिकारी

घोसिया, भदोही। राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन की संगठनात्मक बैठक रविवार को गोरखपुर स्थित होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित हुई। बैठक की अगुवाई संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की। इस दौरान प्रदेश महामंत्री श्री रविंद्र जायसवाल की ओर से भदोही जनपद में संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई।

बैठक में घोसिया निवासी श्री रतीस जायसवाल को भदोही जिला अध्यक्ष तथा घोसिया निवासी श्री अरमान अहमद को भदोही जिला महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। दोनों को नई जिम्मेदारी मिलने पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।

जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद रतीस जायसवाल ने कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वह जिले के व्यापारियों को संगठन से जोड़ने के साथ उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करेंगे। व्यापारियों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारियों और व्यापारियों के साथ मिलकर काम किया जाएगा।

वहीं, जिला महामंत्री अरमान अहमद ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि भदोही जनपद के छोटे-बड़े सभी व्यापारियों को संगठन से जोड़ना उनकी प्राथमिकता होगी। व्यापारियों की समस्याओं, बाजारों की व्यवस्थाओं और व्यापार से जुड़े मुद्दों को संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि सभी के सहयोग से संगठन को जनपद में और प्रभावशाली बनाया जाएगा।

दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। वहीं, घोसिया क्षेत्र में दोनों को जिम्मेदारी मिलने पर व्यापारियों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। लोगों ने दोनों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *