चंदौली जिले के धानापुर विकासखंड क्षेत्र के नेगुरा गांव स्थित स्वर्गीय जयसिंह मिनी स्टेडियम में स्ट्रीट लाइट में करंट उतरने से एक भैंस की मौत हो गई। यह घटना सोमवार शाम को हुई। नेगुरा गांव निवासी बसावन राम की भैंस घास चरते हुए मिनी स्टेडियम में चली गई थी, जहां वह स्ट्रीट लाइट के संपर्क में आने से करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मिनी स्टेडियम की स्ट्रीट लाइट में कई महीनों से करंट आ रहा था। कुछ दिनों पहले भी एक बालिका को इसी जगह करंट का झटका लगा था। गनीमत रही कि परिजनों ने उसे तत्काल चिकित्सक के पास पहुंचाया और उपचार के बाद वह सुरक्षित बच गई। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की कथित लापरवाही के कारण यह दुर्घटना सामने आई है।
भैंस मालिक बसावन राम मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं और पशुपालन भी करते हैं। भैंस की मौत से उनके परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी मिलने पर सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू सोमवार रात को बसावन राम से मिलने पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और आर्थिक मदद भी प्रदान की। पूर्व विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों से बात कर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
मनोज सिंह डब्लू ने बताया कि पूर्व में बालिका को करंट लगने के बावजूद अधिकारियों की लापरवाही जारी रही। उन्होंने तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात कर स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कराने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
यह चंदौली जिले का पहला मिनी स्टेडियम है, जिसका निर्माण धानापुर के ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह द्वारा क्षेत्र के मेधावी खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए कराया गया था।









