Home / Uncategorized / जीआरपी रेणुकूट चौकी प्रभारी श्रीकान्त मौर्या की सतर्कता लाई रंग, यात्री का कीमती बैग बरामद

जीआरपी रेणुकूट चौकी प्रभारी श्रीकान्त मौर्या की सतर्कता लाई रंग, यात्री का कीमती बैग बरामद

रेणुकूट स्टेशन पर लावारिस मिला सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग, जीआरपी ने सकुशल लौटाया पूरा सामान

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी

सोनभद्र। रेणुकूट रेलवे स्टेशन पर महिला यात्री का सोने-चांदी के आभूषणों समेत कीमती सामान से भरा बैग छूट गया। रात्रि गश्त के दौरान जीआरपी रेणुकूट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक श्रीकान्त मौर्या की सतर्कता से लावारिस बैग बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बैग में मौजूद मोबाइल फोन के माध्यम से महिला यात्री से संपर्क कर सूचना दी और गुरुवार को उनके भाई को पूरा सामान सकुशल सुपुर्द कर दिया।जानकारी के अनुसार सिंगरौली, मध्य प्रदेश निवासी जैनब खातून पत्नी खलील अंसारी 2 सितंबर को रेणुकूट रेलवे स्टेशन से डाल्टनगंज की यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान जल्दबाजी में उनका बैग प्लेटफार्म पर छूट गया। बैग में लेडिज पर्स, एक जोड़ी सोने के झाले, एक जोड़ी चांदी की पायल, सोने का मंगलसूत्र, मोबाइल फोन, बैंक संबंधी कागजात, आधार कार्ड, पैन कार्ड, कपड़े और कॉस्मेटिक का सामान रखा था। इधर चौकी प्रभारी श्रीकान्त मौर्या हमराह पुलिसकर्मियों के साथ रात्रि गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफार्म क्षेत्र में एक बैग लावारिस हालत में दिखाई दिया। पुलिस ने बैग को कब्जे में लेकर जांच की तो उसमें सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल, महत्वपूर्ण दस्तावेज समेत अन्य सामान सुरक्षित मिला। चौकी प्रभारी ने बैग में मिले मोबाइल फोन के माध्यम से महिला यात्री से संपर्क किया और बैग बरामद होने की जानकारी दी। पुलिस ने सामान प्राप्त करने के लिए उन्हें जीआरपी चौकी बुलाया। सूचना के बाद 3 सितंबर को महिला यात्री के भाई अल्मुद्दीन अंसारी पुत्र अमीरजान अंसारी, निवासी तीसी बार दरुआ, थाना पाण्डू, जिला पलामू, झारखंड, चौकी पहुंचे।
पुलिस की मौजूदगी में बैग और उसमें रखे सामान की जांच कराई गई। सभी सामान सही-सलामत मिलने की पुष्टि होने के बाद बैग उनके सुपुर्द कर दिया गया। कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर महिला यात्री के भाई ने जीआरपी रेणुकूट चौकी प्रभारी श्रीकान्त मौर्या एवं पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार जताया। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘अभियान मुस्कान’ के तहत जीआरपी द्वारा रेलवे स्टेशन, प्लेटफार्म एवं सरकुलेटिंग एरिया में लगातार निगरानी और चेकिंग की जा रही है। इसी सतर्कता के चलते महिला यात्री का गुम हुआ कीमती सामान बरामद कर सुरक्षित वापस किया जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *