नगर पंचायत सीमा से बाहर बाजार का अधिकांश हिस्सा, प्रमाण पत्र के लिए भटक रहे व्यापारी; व्यापार मंडल ने सौंपा प्रार्थना पत्र
पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र। रेणुकूट बाजार में रहने वाले हजारों व्यापारियों के सामने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने की समस्या गंभीर होती जा रही है। प्रमाण पत्र नहीं बनने से परेशान रेणुकूट व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी सोनभद्र को प्रार्थना पत्र सौंपकर समस्या के समाधान के लिए हस्तक्षेप और उचित दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता पुत्र स्व. राम सकल गुप्ता की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि रेणुकूट बाजार में करीब 10 से 12 हजार व्यापारी अपने परिवार के साथ निवास करते हैं और वर्षों से व्यवसाय कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार नगर पंचायत रेणुकूट द्वारा उनका जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बनाया जा रहा है, जिसके कारण उन्हें आवश्यक सरकारी एवं व्यक्तिगत कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार मंडल का कहना है कि रेणुकूट बाजार का अधिकांश हिस्सा नगर पंचायत रेणुकूट की सीमा में शामिल नहीं है। इसके चलते बाजार में रहने वाले व्यापारी और उनके परिवार नगर पंचायत से मिलने वाली सुविधाओं से भी वंचित रह जाते हैं। व्यापारियों का कहना है कि औद्योगिक नगर क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद यहां रहने वाले लोगों को आवश्यक नागरिक सुविधाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। व्यापारियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपने परिवार के साथ रेणुकूट में रहकर व्यवसाय कर रहे हैं और क्षेत्र की जनता को विभिन्न आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी मूलभूत जरूरत के लिए उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए सक्षम स्तर पर व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर व्यापारियों की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए। व्यापार मंडल ने कहा कि यदि प्रशासन की ओर से सरल प्रक्रिया के माध्यम से प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था की जाती है तो हजारों व्यापारियों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। व्यापारियों ने जिलाधिकारी से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई है।










